केदारनाथ साहनी की पुण्यतिथि पर हर्ष मल्होत्रा ने अर्पित की श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 3 अक्टूबर। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने शनिवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष, दिल्ली के पूर्व मुख्य कार्यकारी पार्षद तथा गोवा एवं सिक्किम के पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय केदारनाथ साहनी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर साहनी के पुत्र प्रदीप साहनी सहित परिजन, वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक रामभज, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता, विधायक हरीश खुराना, प्रदेश पदाधिकारी विष्णु मित्तल, योगिता सिंह, राजेश भाटिया, प्रवीण शंकर कपूर, सारिका जैन, रंजीत कश्यप, कैलाश जैन, मनोज कुमार, नितिन त्यागी, अमित गुप्ता सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि केदारनाथ साहनी का पूरा जीवन संगठन के प्रति समर्पण, अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा का प्रतीक रहा। जनसंघ से लेकर भाजपा तक उन्होंने संगठन को मजबूत करने और पार्टी के मूल्यों को स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी समय की पाबंदी, सादगी और प्रत्येक दायित्व के प्रति प्रतिबद्धता कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी।

उन्होंने कहा कि साहनी ने जम्मू-कश्मीर से विस्थापित हिंदू परिवारों के हितों और उनके पुनर्वास के लिए भी महत्वपूर्ण कार्य किया। सार्वजनिक एवं संगठनात्मक जीवन में उन्होंने नैतिकता, शुचिता और अनुशासन के जो मानदंड स्थापित किए, वे आज भी कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक हैं।