नई दिल्ली। ‘सेवा संकल्प उत्सव’ के अवसर पर बेगमपुर स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं के लिए संवाद एवं सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, रचनात्मक गतिविधियों और विभिन्न प्रतिभाओं का प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया।
कार्यक्रम में नेता सदन जय भगवान यादव ने छात्राओं से संवाद करते हुए उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का आत्मविश्वास, उत्साह और सीखने की ललक ही देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक और सामाजिक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जय भगवान यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलना चाहिए और उसकी प्रतिभा को उचित मंच उपलब्ध कराया जाना जरूरी है।इस अवसर पर कुलदीप सिंह, विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रीति सोलंकी, नरेला जोन के असिस्टेंट कमिश्नर कुलदीप सहित विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।
जय भगवान यादव ने कहा कि हमारा संकल्प है—हर विद्यार्थी को अवसर, हर प्रतिभा को प्रोत्साहन और हर बच्चे को उज्ज्वल भविष्य।
