‘दिन में दो-तीन बार जंतर-मंतर के आसपास मंडराने वाले चेहरे जुलाई के सीजेपी आंदोलन में भी दिखे थे’

नई दिल्ली, 4 अक्टूबर। दिल्ली भाजपा ने जंतर-मंतर पर विपक्षी दलों के आंदोलन को लेकर आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और वामपंथी संगठनों पर तीखा हमला बोला है। दिल्ली भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने आरोप लगाया कि मुट्ठीभर लोग दिल्ली का राजनीतिक माहौल खराब करने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

कपूर ने कहा कि “जो चेहरे आज दिन में दो-तीन बार जंतर-मंतर के आसपास मंडराते हैं, यही चेहरे जुलाई में सीजेपी आंदोलन में भी दिखाई देते थे।” उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी और उसके वामपंथी सहयोगी दिल्ली में 50 लोगों की भी भीड़ जुटाने में विफल रहे हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि आंदोलन में शामिल होने के लिए पंजाब से बसों के जरिए लोगों को लाया जा रहा है और जेएनयू के वामपंथी विचारधारा वाले छात्र भी इसमें शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान सरकार विरोधी कथित तौर पर असभ्य और आपत्तिजनक नारे लगाए जा रहे हैं।

सौरभ भारद्वाज के आंदोलन स्थल से पुलिस द्वारा उठाए जाने के वीडियो पर भी भाजपा ने निशाना साधा। कपूर ने इसे हास्यास्पद बताते हुए कहा कि दिल्ली की जनता द्वारा नकारे गए आप नेता आज वोट के अधिकार के नाम पर उसी कांग्रेस के साथ आंदोलन कर रहे हैं, जिसने आपातकाल के दौरान देश के नागरिकों के मौलिक अधिकारों को निलंबित किया था।उन्होंने सवाल उठाया कि क्या आम आदमी पार्टी और उसके वामपंथी सहयोगी चाहते हैं कि पुलिस उन्हें दिल्ली की कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की मनमानी छूट दे? भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि लोकतांत्रिक विरोध के अधिकार के नाम पर कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जा सकता।