सावधान! खुले में मलवा ले गए तो होगा बड़ा चालान,154 गाड़ियां धर दबोची गई ..जानिए हुआ क्या ?

नई दिल्ली। उत्तरी रेंज ट्रैफिक पुलिस ने खुले में निर्माण सामग्री और मलबा ले जाने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर 154 चालान किए। यह अभियान 1 से 5 अक्टूबर तक डीसीपी ट्रैफिक उत्तरी रेंज डॉ. सचिन कुमार सिंघल, आईपीएस के निर्देशन में चलाया गया।

अभियान के दौरान निर्माण सामग्री और मलबा ले जाने वाले वाहनों की जांच की गई। जिन वाहनों में सामग्री को निर्धारित तरीके से ढका और सुरक्षित नहीं किया गया था, उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार खुले में सामग्री ले जाने से उसके सड़क पर गिरने या फैलने से हादसे का खतरा रहता है तथा धूल और प्रदूषण भी बढ़ता है।

ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से निर्माण सामग्री और मलबे को ढककर तथा सुरक्षित तरीके से ले जाने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।