MCD की नियुक्ति समिति की बैठक के दौरान डेपुटेशन पर आए अधिकारियों के मुद्दे पर हुआ बवाल…!!!

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम की नियुक्ति एवं पदोन्नति समिति की बैठक में डेपुटेशन पर आए अधिकारियों की तैनाती का मुद्दा प्रमुखता से उठा। समिति सदस्य योगेश वर्मा ने निगम की प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि निगम के 27 विभागों में से 22 विभागों की जिम्मेदारी बाहर से डेपुटेशन पर आए अधिकारियों के पास है।

योगेश वर्मा ने कहा कि निगम के महत्वपूर्ण विभागों में बड़ी संख्या में डेपुटेशन अधिकारियों की तैनाती से निगम के नियमित अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी मिलने के अवसर प्रभावित हो रहे हैं। निगम में वर्षों से कार्यरत अधिकारियों के बावजूद महत्वपूर्ण पदों पर बाहरी अधिकारियों की तैनाती का असर पदोन्नति और कैडर व्यवस्था पर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि निगम के नियमित अधिकारियों और कर्मचारियों के पास विभागीय कामकाज का लंबा अनुभव है। ऐसे में खाली पदों पर नियमित नियुक्ति और पदोन्नति की प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों की तैनाती में निर्धारित नियमों और निगम की आवश्यकता का पालन किए जाने की जरूरत बताई।

बैठक में यह भी मुद्दा उठा कि डेपुटेशन पर आए अधिकारी सीमित अवधि के लिए निगम में तैनात होते हैं, जबकि निगम के नियमित अधिकारी लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। यदि अधिकांश महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी डेपुटेशन अधिकारियों के पास रहेगी तो नियमित अधिकारियों के कैडर विकास, पदोन्नति और प्रशासनिक जिम्मेदारियों पर इसका सीधा असर पड़ेगा।

योगेश वर्मा ने निगम के खाली पदों को नियमित नियुक्तियों से भरने और विभागों में अधिकारियों की तैनाती की मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा करने की जरूरत पर जोर दिया। बैठक में डेपुटेशन अधिकारियों की तैनाती और निगम के नियमित कैडर से जुड़े अधिकारियों को जिम्मेदारी देने को लेकर चर्चा हुई।

समिति के चेयरमैन मुकेश गोयल ने कहा कि बैठक में सभी सदस्यों ने अपनी-अपनी भावनाएं और विचार रखे हैं। निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए अब उन्हें समयबद्ध तरीके से प्रमोशन देने का प्रावधान किए जाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निगम में बाहर से डेपुटेशन पर आने वाले अधिकारियों की संख्या को रोकने का भी प्रयास किया जाएगा, ताकि निगम के अपने अधिकारियों को आगे बढ़ने और जिम्मेदारी संभालने का पर्याप्त अवसर मिल सके।