निगम के सफाईकर्मियों को लेकर मेयर का कड़ा निर्देश कहा फील्ड में कार्य कर रहे निगम कर्मचारियों को…

नई दिल्ली, 20 मई 2026।

दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने आज दिल्ली नगर निगम के करोलबाग जोन अंतर्गत राजेंद्र नगर क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ क्षेत्रीय पार्षद आरती चावला, निगमायुक्त संजीव खिरवार, उपायुक्त दिलखुश मीणा, प्रमुख अभियंता पी.सी. मीणा सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने सिंधी पार्क में दिल्ली नगर निगम द्वारा कराए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

महापौर ने विशेष रूप से पार्क में विकसित किए जा रहे वॉकिंग ट्रैक को आधुनिक, सुरक्षित और नागरिकों के लिए अधिक सुगम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्क क्षेत्र नागरिकों के स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों के महत्वपूर्ण केंद्र होते हैं, इसलिए इनके विकास में उच्च गुणवत्ता के मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने स्थानीय नागरिकों से संवाद भी किया तथा उनकी समस्याओं, सुझावों और शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए कि नागरिकों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए तथा क्षेत्रीय समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।

इसके उपरांत महापौर ने राजेंद्र नगर स्थित मंगल बाजार रोड क्षेत्र में स्वयं भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को नियमित निगरानी और बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने दिल्ली जल बोर्ड द्वारा खुदाई किए जाने के बाद सड़क की मरम्मत में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभिन्न एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए ताकि किसी भी निर्माण अथवा मरम्मत कार्य के बाद सड़क और फुटपाथ की बहाली बिना विलंब के सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि नागरिकों को असुविधा से बचाना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

महापौर ने इस दौरान निगम की अत्याधुनिक लिटर पिकर मशीन की कार्यप्रणाली का भी निरीक्षण किया तथा आधुनिक तकनीकों के माध्यम से सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया। महापौर ने नागरिकों से भी अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखने में दिल्ली नगर निगम का सहयोग करें तथा सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

महापौर ने सफाई कर्मचारियों को पानी की बोतल एवं ओआरएस के पैकेट वितरित किए
भीषण गर्मी को देखते हुए महापौर प्रवेश वाही ने क्षेत्र में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को ठंडे पानी की बोतल एवं ओआरएस के पैकेट वितरित किए। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और कठिन परिस्थितियों में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ दिल्ली के निर्माण में सफाई कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए भीषण गर्मी के मद्देनजर यह सुनिश्चित किया जाए कि फील्ड में कार्य कर रहे निगम के कर्मचारियों को ठंड़ा पानी और ओआरएस नियमित रूप से दिया जाए। साथ ही लू से बचने के भी उपाय सुनिश्चित किए जाय।