दिल्ली में डबल मर्डर से दहशत, कानून व्यवस्था पर उठे सवाल: नाजिया दानिश

नई दिल्ली।राजधानी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में हुई दिल दहला देने वाली डबल मर्डर की वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। बदमाशों ने एक सब्जी व्यापारी के घर में घुसकर उसकी पत्नी और बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी घर से 10 लाख रुपये से ज्यादा की नकदी और गहने लेकर फरार हो गए।

इस सनसनीखेज घटना पर कांग्रेस नेत्री नाजिया दानिश ने दिल्ली की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि राजधानी में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

नाजिया दानिश ने कहा, “दिल्ली में आए दिन हत्या, लूट और महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं। गोविंदपुरी की यह घटना बेहद दर्दनाक और शर्मनाक है। एक परिवार को बेरहमी से खत्म कर दिया गया और अपराधी लाखों की लूट कर फरार हो गए, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नाकाम साबित हुई।”

उन्होंने मांग की कि पुलिस इस मामले में तुरंत आरोपियों को गिरफ्तार करे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाए। साथ ही उन्होंने दिल्ली सरकार और प्रशासन से अपराध पर लगाम लगाने के लिए सख्त कदम उठाने की अपील की।