नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम की शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा ने आम आदमी पार्टी के नेता अंकुश नारंग द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह झूठा, निराधार और राजनीति से प्रेरित बताया है।
योगेश वर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता के बीच अपनी गिरती साख को बचाने के लिए लगातार भ्रामक बयानबाजी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के कुछ नेता बिना तथ्यों के केवल मीडिया में सुर्खियां बटोरने के उद्देश्य से मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा समिति पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य कर रही है तथा दिल्ली नगर निगम के स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। योगेश वर्मा ने दावा किया कि निगम स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं, डिजिटल शिक्षा और विद्यार्थियों के भविष्य को मजबूत करने के लिए कई योजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है।
शिक्षा समिति अध्यक्ष ने कहा कि यदि किसी के पास कोई ठोस तथ्य या प्रमाण हैं तो उन्हें संबंधित विभाग के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए, लेकिन केवल राजनीतिक लाभ लेने के लिए झूठे और आधारहीन आरोप लगाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा नेतृत्व वाली नगर निगम सरकार शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है और विपक्ष के दुष्प्रचार से विकास कार्य रुकने वाले नहीं हैं।
योगेश वर्मा ने आम आदमी पार्टी के नेताओं से जनता को गुमराह करने की बजाय सकारात्मक राजनीति करने की अपील की और कहा कि दिल्ली की जनता अब झूठ और भ्रम की राजनीति को समझ चुकी है।
