मालवीय नगर हादसे पर आईवीपी ने जताया दुख, उच्च स्तरीय जांच की मांग
दोषियों के खिलाफ हो सख्त कार्रवाई, भविष्य में ऐसे हादसे रोकने के लिए जवाबदेही तय हो: मुकेश गोयल
नई दिल्ली, 3 जून 2026। मालवीय नगर स्थित एक होटल में लगी भीषण आग में हुई जनहानि पर इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी (आईवीपी) ने गहरा दुख व्यक्त किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ पार्षद मुकेश गोयल ने हादसे की उच्च स्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मुकेश गोयल ने कहा कि दिल्ली में आग लगने और इमारतों के ढहने जैसी घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी चिंताजनक है। इन हादसों का खामियाजा आम नागरिकों को अपनी जान-माल की हानि के रूप में भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते अवैध निर्माण, अग्नि सुरक्षा नियमों की अनदेखी और अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए तो ऐसे हादसों को काफी हद तक रोका जा सकता है।
उन्होंने दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही, निगम आयुक्त संजीव खिरवार और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
गोयल ने कहा कि जवाबदेही तय होने से प्रशासनिक तंत्र में सुधार आएगा और भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
