मालवीय नगर अग्निकांड की होगी उच्चस्तरीय जांच, महापौर प्रवेश वाही ने 3 दिन में मांगी रिपोर्ट

नई दिल्ली, 3 जून 2026। दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर दिल्ली नगर निगम के महापौर प्रवेश वाही ने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं। महापौर ने निगमायुक्त को पत्र लिखकर मामले की विस्तृत जांच कराने तथा तीन दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।

 

महापौर ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत गंभीर और चिंताजनक है, जिसने सार्वजनिक सुरक्षा व्यवस्था तथा भवनों में अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

महापौर के निर्देशानुसार जांच में यह पता लगाया जाएगा कि संबंधित प्रतिष्ठान में नगर निगम के भवन उपविधियों, अग्नि सुरक्षा नियमों और अन्य वैधानिक प्रावधानों का पालन किया गया था या नहीं। साथ ही यह भी जांच होगी कि कहीं नगर निगम के किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही अथवा नियमों की अनदेखी तो इस हादसे के लिए जिम्मेदार नहीं है।

 

उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है या प्रशासनिक लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी स्तर की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

महापौर ने निगमायुक्त से जांच रिपोर्ट के साथ की गई कार्रवाई का विस्तृत ब्यौरा भी तीन दिन के भीतर उपलब्ध कराने को कहा है, ताकि तथ्यों के आधार पर आवश्यक निर्णय लिए जा सकें।

 

इसके साथ ही महापौर ने अधिकारियों को राजधानी में संचालित सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, रेस्टोरेंटों और सार्वजनिक उपयोग वाले भवनों में अग्नि सुरक्षा एवं भवन मानकों की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

 

महापौर ने नागरिकों से भी अपील की कि यदि किसी भवन या व्यावसायिक प्रतिष्ठान में सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की जानकारी हो तो तत्काल संबंधित विभाग को सूचित करें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।