नई दिल्ली, 5 जून। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत 30 दैनिक वेतनभोगी एवं मस्टर रोल कर्मचारियों के नियमितीकरण को मंजूरी दे दी गई है। महापौर प्रवेश वाही और स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की।
नियमित किए जाने वाले कर्मचारियों में सफाई कर्मचारी, वार्ड बॉय, चौकीदार, माली, वार्ड आया, लैब अटेंडेंट, वार्डन और किचन स्टाफ शामिल हैं। ये कर्मचारी लंबे समय से निगम के अस्पताल प्रशासन विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि निगम अपने कर्मचारियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और लंबे समय से सेवा दे रहे कर्मचारियों को नियमित करना उनके अधिकारों को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।
सत्या शर्मा ने बताया कि निगम के बजट में कर्मचारियों के नियमितीकरण की जो घोषणा की गई थी, उसी के अनुरूप यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की कार्यशैली केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें पूरी प्रतिबद्धता के साथ धरातल पर भी लागू किया जाता है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए ऐसे सकारात्मक निर्णय लिए जाते रहेंगे, जिससे निगम की प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक मजबूत तथा प्रभावी बन सके।
