दिल्ली में सफाई व्यवस्था फेल! विश्व पर्यावरण दिवस पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

नई दिल्ली, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित एक विशेष बैठक में कांग्रेस नेत्री नाज़िया दानिश ने दिल्ली की सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राजधानी में जगह-जगह कूड़े के ढेर, जाम नालियां और गंदगी की समस्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन संबंधित विभागों की ओर से केवल बैठकों और फाइलों तक ही काम सीमित दिखाई देता है।

नाज़िया दानिश ने अधिकारियों को घेरते हुए कहा कि दिल्लीवासी लंबे समय से बेहतर सफाई व्यवस्था की मांग कर रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात में कोई बड़ा सुधार नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल औपचारिक कार्यक्रमों और भाषणों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के लिए ठोस कार्रवाई का अवसर बनाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कई इलाकों में नियमित सफाई नहीं हो रही है, कूड़ा समय पर नहीं उठाया जा रहा और बरसात से पहले नालों की सफाई के दावे भी अधूरे नजर आ रहे हैं। इससे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

बैठक में नाज़िया दानिश ने अधिकारियों से सफाई व्यवस्था को लेकर जवाब मांगा और मांग की कि प्रत्येक वार्ड में सफाई कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि केवल मीटिंग करने और फाइलें आगे बढ़ाने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि जमीनी स्तर पर जवाबदेही तय करनी होगी।

उन्होंने दिल्ली सरकार और नगर निगम से राजधानी को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने की अपील की, ताकि दिल्लीवासियों को बेहतर वातावरण और स्वस्थ जीवन मिल सके।