नई दिल्ली, 5 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रोहिणी के सेक्टर-24 स्थित पॉकेट-17 पार्क में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व नेता सदन एवं स्थायी समिति सदस्य जय भगवान यादव ने किया।इस अवसर पर आरडब्ल्यूए पदाधिकारी सुदीप गुप्ता, क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय निवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सभी ने पर्यावरण संरक्षण, हरित दिल्ली और स्वच्छ वातावरण के संकल्प के साथ पौधारोपण किया।
जय भगवान यादव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय सहयोग देने और अपने आसपास हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान की भावना के अनुरूप किया गया। इस दौरान “एक पेड़ माँ के नाम, एक पेड़ पर्यावरण के नाम” का संदेश दिया गया।वृक्षारोपण कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
