दिल्ली को कूड़े के पहाड़ों से मुक्त बनाने के लिए एमसीडी का विशेष स्वच्छता अभियान शुरू

नई दिल्ली, 5 जून। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने राजधानी को कूड़े के पहाड़ों से मुक्ति दिलाने के लिए व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने का लक्ष्य अब केवल संकल्प नहीं, बल्कि प्राथमिकता है।

महापौर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि 7 जून से 12 जून तक दिल्ली के प्रत्येक वार्ड में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत कचरे के पांच प्रमुख स्रोतों पर पृथक्करण, वैज्ञानिक निस्तारण और सख्त निगरानी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

बैठक में उप महापौर, स्थायी समिति की अध्यक्ष, सदन के नेता और नगर निगम आयुक्त भी मौजूद रहे। महापौर प्रवेश वाही ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाए और वार्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि दिल्ली को कूड़े के पहाड़ों से मुक्त कर स्वच्छता के नए मानक स्थापित किए जाएंगे। महापौर ने कहा, “जहाँ स्वच्छता होगी, वहीं विकास की नई पहचान होगी।”

एमसीडी का यह विशेष अभियान राजधानी में सफाई व्यवस्था को मजबूत करने और ठोस कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।