स्वामी दयानंद अस्पताल में अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर कॉम्प्लेक्स का शुभारंभ

नई दिल्ली, 6 जून। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने स्वामी दयानंद अस्पताल में आधुनिक मेन ऑपरेशन थिएटर (Main Operation Theatre) कॉम्प्लेक्स, माइनर ऑपरेशन थिएटर (Minor OT), सी-आर्म (C-Arm) एवं लेप्रोस्कोपी मशीनों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मरीजों को बेहतर और उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली नगर निगम राजधानी के नागरिकों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अस्पताल में स्थापित नई चिकित्सा सुविधाओं और उपकरणों से सर्जरी एवं उपचार प्रक्रियाएं अधिक प्रभावी, सुरक्षित और तकनीकी रूप से उन्नत होंगी, जिससे मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलेगा।उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर और लेप्रोस्कोपी जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग से मरीजों को कम समय में बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा।

इस अवसर पर नेता सदन जय भगवान यादव, एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार सहित अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।महापौर ने कहा, “स्वस्थ नागरिक, विकसित दिल्ली की पहचान हैं। आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हमारी प्राथमिकता है और हम दिल्लीवासियों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।”

अस्पताल प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि नई सुविधाओं के शुरू होने से पूर्वी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के हजारों मरीजों को बेहतर उपचार एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।