मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर करावल नगर को 138 करोड़ की सीवर परियोजना की सौगात

नई दिल्ली, 7 जून। प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में दिल्ली भाजपा द्वारा आयोजित जनसभा में करावल नगर विधानसभा क्षेत्र को 138 करोड़ रुपये की सीवर विकास योजना की सौगात दी गई। कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री Rekha Gupta, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष Harsh Malhotra और क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री Kapil Mishra प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

सभा को सांसद Manoj Tiwari, मंत्री Parvesh Sahib Singh, विधायक Ajay Mahawar तथा उत्तर-पूर्वी जिला भाजपा अध्यक्ष U.K. Chaudhary ने भी संबोधित किया।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि करावल नगर क्षेत्र लंबे समय से सीवर, जल निकासी और पेयजल आपूर्ति जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा था। इन चुनौतियों के स्थायी समाधान के लिए दिल्ली सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष में करावल नगर विधानसभा में 300 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों को मंजूरी दी जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 138 करोड़ रुपये की लागत से शुरू की गई सीवर लाइन परियोजना के तहत सोनिया विहार, मिलन गार्डन, चौहान पट्टी और सभापुर एक्सटेंशन सहित विभिन्न क्षेत्रों में सीवर नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा। इसके साथ ही पुरानी जलापूर्ति लाइनों को बदला जाएगा तथा पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी कार्य किए जा रहे हैं।

रेखा गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र में तीन अटल कैंटीन शुरू की जा चुकी हैं और तीन आरोग्य मंदिरों को भी स्वीकृति दी गई है। उन्होंने नए अस्पताल की मांग पर भी सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने सिग्नेचर ब्रिज से पुश्ता मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण और सोनिया विहार में आधुनिक रिवर फ्रंट विकसित करने की संभावनाओं पर भी काम करने की बात कही।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने दिल्ली को सड़क, मेट्रो और अन्य बुनियादी ढांचे की अनेक परियोजनाएं दी हैं। उन्होंने दावा किया कि सोनिया विहार से वजीराबाद तक यमुना के जल को काफी हद तक स्वच्छ बनाने में सफलता मिली है।

जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि करावल नगर की कॉलोनियों में 43 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाने का कार्य शुरू किया गया है, जिससे हजारों परिवारों को लाभ मिलेगा। वहीं कपिल मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र की चार कॉलोनियों में सीवर लाइन और अन्य विकास कार्यों के लिए करीब 150 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया है।

सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि वर्ष 2014 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली का इलाका पिछड़े क्षेत्रों में गिना जाता था, लेकिन केंद्र सरकार की विकास योजनाओं के कारण आज करावल नगर, घोंडा, बाबरपुर और मुस्तफाबाद जैसे क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत और विकसित दिल्ली के संकल्प को दोहराते हुए जनता तक सरकार की उपलब्धियां पहुंचाने का आह्वान किया।