गांधी नगर थाना पुलिस ने हत्या का मामला सुलझाया, आरोपी 8 घंटे में गिरफ्तार

नई दिल्ली, 9 जून। शाहदरा जिले के गांधी नगर थाना पुलिस ने एक हत्या के मामले को महज 8 घंटे में सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल खून से सना कैंची और घटना के समय पहने गए खून लगे कपड़े भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 5 जून को डॉ. हेडगेवार अस्पताल से सूचना मिली थी कि कृष्ण कुमार नामक व्यक्ति को चाकू जैसे नुकीले हथियार से घायल अवस्था में भर्ती कराया गया है। पुलिस अस्पताल पहुंची, लेकिन घायल व्यक्ति घटना के संबंध में कोई जानकारी नहीं दे सका। बाद में वह अस्पताल से चला गया और कानूनी कार्रवाई से भी इनकार कर दिया।

6 जून को जीटीबी अस्पताल से सूचना मिली कि कृष्ण कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई है। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई।

फैक्ट्री में शराब के दौरान हुआ था विवाद

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक गांधी नगर के रघुवरपुरा-द्वितीय स्थित एक गारमेंट फैक्ट्री में काम करता था। फैक्ट्री मालिक और कर्मचारियों से पूछताछ में सामने आया कि 4 जून की रात फैक्ट्री के अंदर कुछ कर्मचारी शराब पी रहे थे। इसी दौरान विवाद हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झगड़े के दौरान अरवाज नामक युवक ने पहले टाइगर नाम के कर्मचारी पर हमला किया और फिर कैंची से कृष्ण कुमार पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल कृष्ण कुमार की बाद में मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर 7 जून को गांधी नगर थाने में एफआईआर संख्या 216/2026 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया।

सीसीटीवी और तकनीकी निगरानी से आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की जांच के लिए थाना गांधी नगर की विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, स्थानीय सूत्रों और तकनीकी निगरानी की मदद से आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया। लगातार प्रयासों के बाद आरोपी अरवाज (27 वर्ष), निवासी संगम विहार, दक्षिण दिल्ली को उत्तम नगर क्षेत्र से एफआईआर दर्ज होने के मात्र 8 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी की निशानदेही पर बरामद हुआ हथियार

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल खून से सनी कैंची तथा घटना के समय पहने गए खून लगे कपड़े बरामद कर लिए।

पहले भी रहा है आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी किशोरावस्था के दौरान भी एक गंभीर आपराधिक मामले में शामिल रह चुका है। उसके खिलाफ वर्ष 2019 में संगम विहार थाने में हत्या के प्रयास (धारा 307 आईपीसी) का मामला दर्ज था।

शाहदरा जिला पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।