नई दिल्ली। राजीव नगर वार्ड-27 में मुख्यमंत्री फंड से कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए एमसीडी के नेता सदन एवं स्थायी समिति सदस्य जय भगवान यादव ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क, नाली एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। जय भगवान यादव ने कहा कि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। साथ ही स्थानीय निवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
जय भगवान यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री फंड से हो रहे विकास कार्यों का उद्देश्य क्षेत्र की आधारभूत संरचना को मजबूत करना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से राजीव नगर वार्ड-27 के निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
