नई दिल्ली, 10 जून। दिल्ली नगर निगम के पीस मील सफाई कर्मचारियों की वेतन समस्या को लेकर वार्ड-77 (दिल्ली गेट) की पार्षद किरण बाला ने अहम मुद्दा उठाया है। उन्होंने मेयर को पत्र लिखकर पीस मील कर्मचारियों की तनख्वाह समय पर जारी करने और लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों को नियमित करने की मांग की है।
किरण बाला ने कहा कि दिल्ली के विभिन्न जोनों में कार्यरत पीस मील कर्मचारियों की सैलरी अक्सर 15 से 25 दिन की देरी से आती है। इसके पीछे वेतन स्वीकृति और भुगतान की जटिल प्रक्रिया को जिम्मेदार बताया जा रहा है। उनका कहना है कि महीने भर मेहनत करने वाले कर्मचारियों को समय पर वेतन न मिलना उनके साथ अन्याय है।
पत्र में उन्होंने मांग की है कि जिस जोन से वेतन की मांग (डिमांड) प्राप्त हो जाए, वहां के कर्मचारियों की सैलरी तत्काल जारी की जाए और सभी जोनों की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार न किया जाए। इससे कर्मचारियों को समय पर वेतन मिल सकेगा और उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
पार्षद ने यह भी मांग उठाई कि 15-20 वर्षों से पीस मील आधार पर काम कर रहे कर्मचारियों को नियमित पदों में समायोजित किया जाए। उनके अनुसार, नियमितीकरण होने से कर्मचारियों को वेतन, सेवा सुरक्षा और अन्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
इसके अलावा उन्होंने कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों पर फाइलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और जवाबदेही तय करने की भी मांग की है।
किरण बाला का कहना है कि सफाई कर्मचारी दिल्ली की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने मेयर से इस विषय में शीघ्र हस्तक्षेप कर कर्मचारियों को राहत देने की अपील की है।
