नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन इलाके में शुक्रवार तड़के एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान दिल्ली फायर सर्विस (DFS) ने कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार आग तड़के करीब 2:35 बजे के आसपास इमारत में लगी। दमकल विभाग को लगातार कई कॉल मिलने के बाद मौके पर फायर टेंडर, वाटर बाउजर, ब्रीदिंग सपोर्ट यूनिट और क्विक रिस्पॉन्स वाहन भेजे गए। संकरी गली में स्थित ग्राउंड प्लस पांच मंजिला इमारत में आग बुझाने और लोगों को निकालने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि आग इमारत के भीतर खड़े वाहनों से शुरू हुई और तेजी से पूरी बिल्डिंग में फैल गई। कई लोग अंदर फंस गए थे, जिन्हें दमकल कर्मियों ने बचाया। घायलों को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल और एम्स ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार सुबह करीब 3:45 बजे आग पर काबू पा लिया गया और 4 बजे के आसपास ऑपरेशन पूरा घोषित कर दिया गया, हालांकि बचाव कार्य कुछ समय तक जारी रहा। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर राजधानी में बहुमंजिला इमारतों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
