नई दिल्ली। स्वच्छ और सुंदर दिल्ली के निर्माण के लिए निगम पार्षद (मनोनीत) मनोज कुमार जैन ने नागरिकों से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
मनोज कुमार जैन ने लोगों को प्रेरित करते हुए कहा, “माँ कचरे वाला आया है, बेटा कचरे वाले तो हम हैं… वो तो सफाई वाला है।” उन्होंने कहा कि समाज को अपनी सोच बदलने की आवश्यकता है और सफाई कर्मचारियों के प्रति सम्मान का भाव रखना चाहिए।
उन्होंने नागरिकों से कचरा निर्धारित स्थान पर डालने, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छता अभियान को सफलता मिल सकती है।
मनोज कुमार जैन ने विश्वास जताया कि यदि हर नागरिक स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएगा तो दिल्ली न केवल स्वच्छ और सुंदर बनेगी, बल्कि पूरे देश के लिए एक आदर्श भी स्थापित करेगी।
उन्होंने कहा, “सोच बदलेगी, दिल्ली बदलेगी और दिल्ली बदलेगी तो देश भी बदलेगा।” स्वच्छता के इस संदेश के माध्यम से उन्होंने सभी दिल्लीवासियों से स्वच्छ और स्वस्थ राजधानी के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
