नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन स्थित गोविंदपुरी इलाके में पांच मंजिला रिहायशी इमारत में लगी भीषण आग की घटना पर कांग्रेस नेत्री नाज़िया दानिश ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में तीन लोगों की मौत पर शोक जताते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
नाज़िया दानिश ने कहा कि यह केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि भाजपा शासित एमसीडी और भाजपा सरकार की लापरवाही, भ्रष्टाचार तथा कमजोर निगरानी व्यवस्था का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि भवन निर्माण नियमों की लगातार अनदेखी, फायर सेफ्टी मानकों के पालन में ढिलाई और प्रशासनिक उदासीनता के कारण दिल्ली में इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कब तक दिल्ली के नागरिक प्रशासनिक विफलताओं की कीमत अपनी जान गंवाकर चुकाते रहेंगे। कांग्रेस नेत्री ने कहा कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन इस दिशा में गंभीर कमी दिखाई दे रही है।
नाज़िया दानिश ने भाजपा शासित एमसीडी से मांग की कि तुगलकाबाद अग्निकांड की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए, दोषियों की जवाबदेही तय की जाए तथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए फायर सेफ्टी और भवन सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि दिल्लीवासियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता और प्रशासन को इस हादसे से सबक लेते हुए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
