कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंध भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति : महापौर प्रवेश वाही

रोहिणी में भाजपा कार्यकर्ता के घर रात्रि प्रवास, मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर हुई चर्चा

नई दिल्ली, 13 जून। दिल्ली नगर निगम के महापौर प्रवेश वाही ने रोहिणी स्थित अपने वार्ड में भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता एवं शक्ति केंद्र प्रमुख सविता गुप्ता तथा बूथ संख्या-144 की बीएलए-2 रूपाली गुप्ता के परिवार के साथ रात्रि प्रवास किया। इस दौरान उन्होंने परिवारजनों और क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों और जनसेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

रात्रि प्रवास के दौरान महापौर ने प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत संवाद किया। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनसेवा के प्रतीक रहे हैं तथा इस अवधि में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी नई पहचान स्थापित की है। उन्होंने दावा किया कि आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक कल्याण और गरीब कल्याण के क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। पार्टी लगातार ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करती है, जिनसे संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच संवाद और आत्मीयता मजबूत होती है। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने झुग्गी-झोपड़ी और क्लस्टर क्षेत्रों में रात्रि प्रवास किया, जबकि वर्तमान अभियान के तहत जनप्रतिनिधि अपने कार्यकर्ताओं के घरों में रात्रि निवास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि रात्रि प्रवास जैसे कार्यक्रमों से कार्यकर्ताओं का सम्मान बढ़ता है और संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और मजबूत होती है। भाजपा एक परिवार की तरह कार्य करती है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की महत्वपूर्ण कड़ी है।महापौर ने कहा कि टिफिन बैठक, स्लम क्षेत्रों में प्रवास और कार्यकर्ताओं के घरों में रात्रि निवास जैसे कार्यक्रम समाज में सद्भाव, सहयोग और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश देते हैं। साथ ही ये कार्यक्रम संगठन और समाज के बीच संवाद को सशक्त बनाने तथा जनसेवा के संकल्प को और मजबूत करने का माध्यम भी बनते हैं।

इस अवसर पर स्थानीय निवासी एवं भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे और उन्होंने संगठनात्मक एवं सामाजिक विषयों पर अपने विचार साझा किए।