कालकाजी अग्निकांड पर हर्ष मल्होत्रा ने जताई चिंता, फायर कर्मियों के साहस को किया सलाम

नई दिल्ली, 14 जून। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने राजधानी में लगातार बढ़ रही आग की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने रविवार सुबह कालकाजी क्षेत्र में लगी भीषण आग के दौरान जान जोखिम में डालकर एक 75 वर्षीय वृद्धा को सुरक्षित बचाने वाले फायर ब्रिगेड कर्मियों की सराहना की और उन्हें दिल्लीवासियों की ओर से अभिनंदन किया।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि कालकाजी में आग लगने के बाद स्थिति बेहद गंभीर हो गई थी। आग की लपटों और गैस सिलेंडरों के लगातार फटने के बीच दूसरी मंजिल पर फंसी वृद्ध महिला को सुरक्षित बाहर निकालना फायर कर्मियों के साहस, दक्षता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचायक है।

उन्होंने कहा कि फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई तथा दिल्ली नगर निगम के सेंट्रल जोन की अध्यक्ष योगिता सिंह द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों का प्रभावी समन्वय किए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। आग ने एक भवन से दूसरे भवन तक नुकसान पहुंचाया, लेकिन समय रहते बचाव कार्य शुरू होने से जनहानि नहीं हुई।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आग जैसी गंभीर घटनाओं पर राजनीति नहीं होनी चाहिए, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कालकाजी की विधायक आतिशी मार्लेना अपने ही विधानसभा क्षेत्र में हुई इस बड़ी घटना के कई घंटे बाद तक मौके पर नहीं पहुंचीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले हौज रानी में हुई दुर्घटना पर प्रतिक्रिया देने वाली विधायक का इस घटना के प्रति रवैया निराशाजनक रहा।

मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली में बढ़ती गर्मी और अत्यधिक बिजली खपत के कारण पुराने विद्युत ढांचे पर दबाव बढ़ रहा है। कूलर, एसी, माइक्रोवेव और अन्य विद्युत उपकरणों के बढ़ते उपयोग से पुरानी वायरिंग में शॉर्ट सर्किट और आग लगने की आशंका बढ़ जाती है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों, कार्यालयों, दुकानों और रेस्तरां की विद्युत वायरिंग की नियमित जांच करवाएं, एसी यूनिटों और इलेक्ट्रिक वाहन या कार बैटरी चार्जिंग प्वाइंट्स की समय-समय पर सर्विस कराएं तथा घर से बाहर जाते समय या सोने से पहले अनावश्यक बिजली उपकरणों को बंद करना सुनिश्चित करें।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि आग से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है और प्रत्येक नागरिक को इस दिशा में जिम्मेदारी निभानी चाहिए।