नई दिल्ली, 15 जून। ओ-जोन में चल रही तोड़फोड़ की कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बुराड़ी से विधायक संजीव झा ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि ओ-जोन में डेमोलिशन के खिलाफ आवाज उठाने वाले नेताओं और स्थानीय प्रतिनिधियों को निशाना बनाया जा रहा है।
संजीव झा ने आरोप लगाया कि उनके मकान मालिक पर उन्हें घर खाली कराने का दबाव बनाया जा रहा है, जबकि वार्ड-10 के पार्षद गगन चौधरी के मकान पर बुलडोजर चलाया गया। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकार की नीयत साफ है तो केंद्र सरकार संसद में कानून बनाकर वर्ष 2020 में ओ-जोन से हटाए गए संरक्षण को पुनः लागू करे।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की 91 कॉलोनियों और कई गांवों के लोग ओ-जोन के नाम पर चल रही कार्रवाई से भयभीत हैं। भाजपा नेताओं द्वारा लगातार आश्वासन दिए जाने के बावजूद डेमोलिशन नहीं रुक रहा है। संजीव झा ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली चुनाव के दौरान डेमोलिशन नहीं होने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद झुग्गियों और मकानों पर कार्रवाई जारी है।
एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विरोध की आवाज दबाने के लिए एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्षद गगन चौधरी के मकान को अदालत से संरक्षण प्राप्त था, इसके बावजूद एमसीडी ने कार्रवाई की, जो न्यायालय के आदेश की अवहेलना है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मामले में अदालत की शरण लेगी।
वहीं, पार्षद गगन चौधरी ने आरोप लगाया कि भाजपा सांसद मनोज तिवारी और प्रशासनिक अधिकारियों के दबाव में उनके परिवार की संपत्तियों पर कार्रवाई की गई। उनका दावा है कि संबंधित भूमि निजी स्वामित्व की है और इस संबंध में राजस्व विभाग के दस्तावेज भी उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि अदालत के आदेश के बावजूद उनके मकान को नुकसान पहुंचाया गया।
आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि ओ-जोन से जुड़ी कॉलोनियों को कानूनी संरक्षण नहीं दिया गया तो पार्टी व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करेगी और केंद्र सरकार पर कानून बनाने का दबाव बनाएगी।
