महापौर प्रवेश वाही ने केशवपुरम जोन का किया व्यापक निरीक्षण, विकास कार्यों में तेजी और अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

नई दिल्ली, 16 जून 2026। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने सोमवार को केशवपुरम जोन के विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार, उपायुक्त मोहित बंसल, प्रमुख अभियंता पी.सी. मीणा सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने अशोक विहार स्थित प्रेरणा चौक पर चल रहे मुनक नहर परियोजना एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को प्रेरणा चौक ड्रेन और जल बोर्ड कार्यालय के समीप नाले पर स्लैब डालने की संभावनाओं पर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इस अवसर पर त्रिनगर वार्ड की पार्षद मीनू गोयल भी उपस्थित रहीं।

इसके बाद महापौर ने त्रिनगर क्षेत्र का दौरा कर त्रिनगर चौक पर पार्किंग सुविधा विकसित करने की संभावनाओं का अध्ययन करने के निर्देश दिए। उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन सभी स्थानों की तत्काल सफाई सुनिश्चित करने को कहा, जहां ढलाव बंद कर फिक्स्ड कंपेक्टर ट्रांसफर स्टेशन स्थापित किए गए हैं।

महापौर ने क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को सार्वजनिक स्थलों और सड़कों से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिएनिरीक्षण के दौरान महापौर ने विधायक पूनम शर्मा भारद्वाज के साथ अशोक विहार फेज-3 में एनसीएपी के अंतर्गत किए गए विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नई निर्मित सड़क का जायजा लेकर उसके नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।

वहीं, वजीरपुर झुग्गी-झोपड़ी कॉलोनी क्षेत्र में कबाड़ियों द्वारा किए गए अतिक्रमण के मामलों को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली नगर निगम प्रधानमंत्री Narendra Modi के ‘12 साल, सुशासन के’ मंत्र से प्रेरित होकर जनकल्याणकारी कार्यों को आगे बढ़ा रहा है तथा मुख्यमंत्री Rekha Gupta के विकास विजन को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि निगम नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी विकास परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए सतत निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।