नई दिल्ली, 17 जून 2026। शाहदरा जिले की एंटी स्नैचिंग एवं ऑटो लिफ्टिंग (एएसबी) सेल ने एक सक्रिय वाहन चोर और स्नैचर को गिरफ्तार कर तीन चोरी की दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी से मोटर वाहन चोरी के तीन मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, शाहदरा जिले में बढ़ रही स्नैचिंग और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एएसबी सेल की विशेष टीम लगातार निगरानी और गुप्त सूचना तंत्र पर काम कर रही थी। 15-16 जून की रात गश्त के दौरान टीम को सूचना मिली कि एक सक्रिय वाहन चोर क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के आधार पर जाल बिछाकर 25 वर्षीय फैजान उर्फ फरमान उर्फ शाहरुख उर्फ सलमान उर्फ शहजाद, निवासी न्यू सीलमपुर, दिल्ली को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के समय आरोपी के कब्जे से एक चोरी की सुजुकी एक्सेस स्कूटी बरामद हुई, जो सीलमपुर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक होंडा एक्टिवा स्कूटी तथा एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की, जो शाहदरा और कृष्णा नगर थाना क्षेत्रों से चोरी हुई थीं।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी जरूरतों तथा नशे की लत पूरी करने के लिए दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें स्थानीय लोगों को बेच देता था। जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ स्नैचिंग, लूट, चोरी, घर में चोरी, आर्म्स एक्ट और वाहन चोरी के 14 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले तिहाड़ जेल भी जा चुका है और हाल ही में जेल से रिहा होने के बाद दोबारा अपराध में सक्रिय हो गया था।
शाहदरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य मामलों में भी खुलासे की संभावना है।बरामद वाहन:सुजुकी एक्सेस स्कूटी (सफेद रंग)होंडा एक्टिवा स्कूटी (ग्रे रंग)हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (काला रंग)इस कार्रवाई का नेतृत्व एएसबी सेल प्रभारी एसआई विक्रांत चौधरी की टीम ने एसीपी ऑपरेशंस मोहिंदर सिंह के पर्यवेक्षण में किया।
