दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण DDMA में निगम पार्षदों को मिली नई जिम्मेदारी, 12 जिलों के लिए ये पार्षद उपाध्यक्ष नियुक्त

नई दिल्ली।मानसून और संभावित आपदाओं से निपटने की तैयारियों के बीच दिल्ली सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। राजस्व विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, दिल्ली नगर निगम के 12 पार्षदों को विभिन्न जिलों की जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) समितियों का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

नई नियुक्तियों के तहत अर्जुन पाल सिंह मारवाह को दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, सुमन कुमार गुप्ता को पुरानी दिल्ली, सुमन कुमारी को उत्तर दिल्ली, मनीष चड्ढा को मध्य दिल्ली, वीना असिजा को मध्य-उत्तरी दिल्ली, सुषमा राठी को दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, योगेश को बाहरी-उत्तरी दिल्ली, ऋतु गोयल को उत्तर-पश्चिम दिल्ली, बृजेश सिंह को उत्तर-पूर्वी दिल्ली, नीलम को पूर्वी दिल्ली, धर्मवीर को दक्षिणी दिल्ली और शिल्पा कौर को पश्चिमी दिल्ली की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

दिल्ली गजट में प्रकाशित आदेश के अनुसार, ये उपाध्यक्ष अपने-अपने जिलों में आपदा प्रबंधन योजनाओं के क्रियान्वयन, राहत एवं बचाव कार्यों के समन्वय और आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासनिक सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।सरकार का मानना है कि जिला स्तर पर जिम्मेदारियां तय होने से बाढ़, जलभराव और अन्य आपदाओं से निपटने की व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी।