नई दिल्ली, 19 जून 2026। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने अपने मुख्यालय सिविक सेंटर परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों के बीच योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था।
इस अवसर पर दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की अध्यक्ष श्रीमती सत्या शर्मा, आयुष विभाग के निदेशक हरीश कश्यप सहित निगम के अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सूर्य नमस्कार से हुई, जिसके बाद प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान क्रियाओं का अभ्यास किया। श्रीमती सत्या शर्मा ने भी योगाभ्यास में भाग लेकर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती सत्या शर्मा ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपरा से जुड़ा एक प्राचीन एवं वैज्ञानिक जीवन दर्शन है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं योग अपनाएं और अपने परिवार के सदस्यों को भी इससे जोड़ें ताकि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जी सकें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निरंतर प्रयासों के कारण योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया के 180 से अधिक देशों में योग को सम्मान और लोकप्रियता प्राप्त हो रही है। योग भारत की उस सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है, जो मानवता को स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जीने की राह दिखाती है।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ रखी गई है। इस विषय को रेखांकित करते हुए श्रीमती शर्मा ने कहा कि योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाकर बढ़ती उम्र में होने वाली अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है तथा शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन जिया जा सकता है।
दिल्ली नगर निगम ने कहा कि वह योग के प्रचार-प्रसार और इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। निगम का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक नागरिक योग को अपनाकर स्वस्थ, तनावमुक्त और सकारात्मक जीवन की ओर अग्रसर हों।
योग दिवस के इस आयोजन ने न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया, बल्कि भारतीय ज्ञान परंपरा और जीवनशैली को मजबूत करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
