मुहर्रम जुलूस से पहले सड़कों की मरम्मत की मांग, पार्षद किरण बाला ने महापौर को लिखा पत्र
नई दिल्ली। आगामी 26 जून को निकलने वाले मुहर्रम के ताजिया जुलूस को लेकर वार्ड संख्या-77 (दिल्ली गेट) की निगम पार्षद किरण बाला ने दिल्ली नगर निगम की महापौर को पत्र लिखकर जुलूस मार्गों पर टूटी-फूटी सड़कों की तत्काल मरम्मत और आवश्यक नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की है।
पार्षद ने अपने पत्र में कहा है कि जामा मस्जिद से निकलने वाला मुहर्रम का जुलूस उनके वार्ड सहित आसपास के कई क्षेत्रों से होकर गुजरेगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे शामिल होते हैं। वर्तमान में कई मार्गों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, गड्ढे बने हुए हैं, इंटरलॉकिंग टाइलें टूटी हुई हैं तथा कई स्थानों पर जलभराव की समस्या बनी हुई है। ऐसे में जुलूस के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है।
पत्र में पार्षद ने निगम प्रशासन से जुलूस मार्गों का तत्काल सर्वे कराने, गड्ढों और टूटी सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने, जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने, खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने तथा विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की है। इसके अलावा आवश्यकता अनुसार बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा संबंधी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया गया है।
किरण बाला ने कहा कि मुहर्रम का पर्व शांति, सद्भाव और धार्मिक आस्था का प्रतीक है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को सभी आवश्यक कार्य समय रहते पूरे करने चाहिए ताकि जुलूस शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
पार्षद द्वारा भेजे गए इस पत्र की प्रतिलिपि सिटी एसपी ज़ोन के उपायुक्त सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है, ताकि आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित की जा सके।
