मलेरिया विभाग के कर्मचारियों से किए वादे पूरे करे निगम, किरण बाला ने उठाए सवाल

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम की महिला कल्याण एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष एवं वार्ड-77 (दिल्ली गेट) की पार्षद किरण बाला ने मलेरिया विभाग के एमटीएस कर्मचारियों तथा करुणामूलक (डेथ केस) कर्मचारियों के लंबित मामलों को लेकर मेयर और नेता प्रतिपक्ष को पत्र लिखकर गंभीर चिंता व्यक्त की है।

किरण बाला ने कहा कि मलेरिया विभाग के एमटीएस कर्मचारियों को बेसिक वेतन और डीए (महंगाई भत्ता) देने का वादा निगम प्रशासन और पूर्व मेयर द्वारा किया गया था। इस संबंध में सदन में भी घोषणा की गई थी तथा दिल्ली सरकार द्वारा बजट प्रावधान भी किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद आदेश जारी नहीं किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि विभाग में पिछले कई वर्षों से कार्यरत कर्मचारी अपने वेतन संबंधी अधिकारों के लिए इंतजार कर रहे हैं। हाल ही में 54 कर्मचारियों को सुप्रीम कोर्ट से “समान कार्य के लिए समान वेतन” के मामले में राहत मिली है, जिसके बाद उन्हें 27,900 रुपये वेतन दिया जा रहा है। ऐसे में अन्य कर्मचारियों को भी समान लाभ मिलना चाहिए।

किरण बाला ने करुणामूलक आधार पर नियुक्त कर्मचारियों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2009 के बाद मलेरिया विभाग में रिक्त पदों के विरुद्ध नियुक्त किसी भी डेथ केस कर्मचारी को नियमित नहीं किया गया है, जबकि निगम के अन्य विभागों में ऐसे कर्मचारियों को नियमित किया जा रहा है। इससे इन कर्मचारियों में निराशा का माहौल है।

उन्होंने निगम प्रशासन से मांग की कि मलेरिया विभाग के एमटीएस, डीबीसी, सीएफडब्ल्यू और सीजी कर्मचारियों को बेसिक प्लस डीए का लाभ देने तथा डेथ केस कर्मचारियों को नियमित करने के लिए समयबद्ध योजना घोषित की जाए, ताकि कर्मचारियों का मनोबल बना रहे और वे पूरी निष्ठा से जनता की सेवा कर सकें।