एमसीडी अधिकारी से बदसलूकी पर भड़कीं कांग्रेस नेत्री नाज़िया दानिश, बोलीं- सत्ता के नशे में कानून को रौंद रही भाजपा
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के बिल्डिंग विभाग के एक अधिकारी के साथ कथित अभद्रता और कॉलर पकड़कर धमकाने की घटना ने राजधानी की राजनीति को गरमा दिया है। इस मामले पर कांग्रेस नेत्री नाज़िया दानिश ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह घटना केवल एक अधिकारी के सम्मान पर हमला नहीं, बल्कि लोकतंत्र और कानून के शासन पर सीधा प्रहार है।
नाज़िया दानिश ने कहा कि भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों का व्यवहार लगातार चिंता का विषय बनता जा रहा है। कहीं अधिकारियों को थप्पड़ मारने की घटनाएं सामने आ रही हैं तो कहीं उनका गला पकड़कर धमकाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के मद में चूर भाजपा जनप्रतिनिधि सरकारी तंत्र पर दबाव बनाकर अपनी मनमानी चलाना चाहते हैं।
कांग्रेस नेत्री ने कहा कि यदि अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करने वाले अधिकारी ही सुरक्षित महसूस नहीं करेंगे, तो कानून का पालन कैसे सुनिश्चित होगा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा की पार्षद और नेताओं की गुंडागर्दी के बल पर निगम प्रशासन को चलाया जाएगा?
नाज़िया दानिश ने आरोप लगाया कि पूरे प्रकरण में भ्रष्टाचार की बू साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह कार्रवाई कर रहे अधिकारियों को डराने और धमकाने की कोशिश की गई, उससे यह आशंका मजबूत होती है कि कहीं न कहीं अवैध निर्माण को संरक्षण देने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों का दायित्व कानून को मजबूत करना होता है, न कि अधिकारियों को अपमानित कर व्यवस्था को कमजोर करना। भाजपा शासन में निगम कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए काम करना कठिन होता जा रहा है और इससे प्रशासनिक तंत्र का मनोबल टूट रहा है।
नाज़िया दानिश ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि यह स्पष्ट संदेश जाए कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि राजधानी में अवैध निर्माण रोकने के लिए अधिकारियों को राजनीतिक दबाव और धमकियों से मुक्त वातावरण देना सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सत्ता के संरक्षण में ऐसी घटनाएं जारी रहीं तो इसका सबसे बड़ा नुकसान कानून व्यवस्था और आम जनता को भुगतना पड़ेगा। कांग्रेस इस मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी और अधिकारियों के सम्मान तथा कानून के राज की रक्षा के लिए आवाज बुलंद करेगी।
