अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर नेता सदन जय भगवान यादव ने दिया स्वस्थ भारत का संदेश

नई दिल्ली। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बेगमपुर मण्डल द्वारा एम.डी. इंद्रप्रस्थ स्कूल में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें दिल्ली नगर निगम के नेता सदन मास्टर जय भगवान यादव ने नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय पदाधिकारियों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

इस अवसर पर जय भगवान यादव ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा को संतुलित करने का भी प्रभावी मार्ग है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में योग आज वैश्विक आंदोलन बन चुका है और दुनिया भर के लोग इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं।

योग शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

जय भगवान यादव ने कहा कि “योग से स्वस्थ भारत और स्वस्थ भारत से विकसित भारत का निर्माण संभव है। यदि प्रत्येक नागरिक प्रतिदिन कुछ समय योग को दे, तो अनेक बीमारियों से बचाव के साथ-साथ मानसिक शांति भी प्राप्त की जा सकती है।”

उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बेगमपुर मण्डल के सभी पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र प्रमुखों एवं बूथ अध्यक्षों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के समर्पण और मेहनत से ही ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम सफल होते हैं।

कार्यक्रम का समापन योग को जन-जन तक पहुंचाने और इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। जय भगवान यादव ने सभी नागरिकों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ, समर्थ और सशक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।