राज्यसभा सदस्य बनने पर डॉ. अल्का गुर्जर का ओबीसी मोर्चा ने किया अभिनंदन

नई दिल्ली, 21 जून। दिल्ली भाजपा ओबीसी मोर्चा ने दिल्ली संगठन की सह-प्रभारी एवं नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद डॉ. अल्का गुर्जर का एनडीएमसी सभागार में आयोजित एक समारोह में अभिनंदन किया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा मुख्य अतिथि तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मनोज तिवारी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष सुनील यादव ने की।

इस अवसर पर विधायक पवन शर्मा, ओबीसी मोर्चा महामंत्री राम खिलाड़ी यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता जय प्रकाश तथा महिला मोर्चा अध्यक्ष ऋचा पांडे मिश्रा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि डॉ. अल्का गुर्जर का राज्यसभा पहुंचना उनके लंबे सामाजिक एवं राजनीतिक अनुभव, संगठन के प्रति समर्पण और जनसेवा की भावना का सम्मान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में अधिक अवसर मिले हैं तथा डॉ. गुर्जर का चयन इसी सोच का उदाहरण है।

अपने संबोधन में डॉ. अल्का गुर्जर ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका राज्यसभा सदस्य चुना जाना दिल्लीवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं की जीत है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत के कारण भाजपा दिल्ली में सरकार, एमसीडी और सभी सात लोकसभा सीटों पर मजबूत स्थिति में है।

मनोज तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने महिलाओं को केवल मतदाता नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण की सक्रिय भागीदार के रूप में देखा है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. अल्का गुर्जर राज्यसभा में जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएंगी।

ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि ओबीसी समाज के लिए यह गर्व का विषय है कि समाज से आने वाली एक महिला नेता को राज्यसभा भेजा गया है। उन्होंने इसे महिलाओं और ओबीसी समाज के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।