हिंद केसरी छत्तर सिंह पहलवान की स्मृति में बने भव्य द्वार का उद्घाटन, जय भगवान यादव रहे मौजूद

नई दिल्ली।नांगल ठाकरान गांव के प्रवेश द्वार पर हिंद केसरी स्वर्गीय छत्तर सिंह की स्मृति में निर्मित भव्य द्वार का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। दिल्ली नगर निगम के बजट से निर्मित इस द्वार का उद्घाटन सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने किया।

इस अवसर पर एमसीडी नेता सदन एवं स्थायी समिति सदस्य जय भगवान यादव ने कहा कि छत्तर सिंह पहलवान ने अपने संघर्ष, परिश्रम और उपलब्धियों से देश और समाज का नाम रोशन किया। उनकी स्मृति में बनाया गया यह भव्य द्वार युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ क्षेत्र की पहचान को भी नई गरिमा प्रदान करेगा।

कार्यक्रम में स्थानीय निगम पार्षद बबीता दीपक डबास, दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री रविंद्र इंद्रराज, विनोद सहरावत सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान वक्ताओं ने हिंद केसरी छत्तर सिंह पहलवान के योगदान को याद करते हुए कहा कि यह स्मारक द्वार उनकी गौरवशाली विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का कार्य करेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।