प्रवेश वाही ने नरेला क्षेत्र के नांगल ठाकरान वार्ड में कंझावला रोड से नांगल ठाकरान गांव तक की सड़क का नामकरण चौधरी छत्तर सिंह पहलवान के नाम पर किया

 22.6.2026

दिल्ली के  महापौर  प्रवेश वाही ने आज नरेला क्षेत्र के नांगल ठाकरान वार्ड में कंझावला रोड से नांगल ठाकरान गांव तक की सड़क का नामकरण चौधरी छत्तर सिंह पहलवान के नाम पर किया एवं उनके नाम पर द्वार का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री योगेंद्र चांदोलिया,सांसद उत्तर पश्चिम दिल्ली; श्री रविंदर इन्द्राज सिंह , महिला एवं समाज कल्याण मंत्री दिल्ली सरकार;श्री जय भगवान यादव, नेता सदन; श्रीमती बबीता दीपक डबास,अध्यक्ष नरेला क्षेत्र; श्री पवन सहरावत,पार्षद; श्री विनोद सहरावत मनोनीत सदस्य सहित दिल्ली नगर निगम के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

प्रवेश वाही ने कहा कि कुश्ती सम्राट चौधरी छत्तर सिंह पहलवान स्मारक द्वार एवं सड़क का नामकरण हम सब का मार्गदर्शन करेगा। उन्होंने कहा कि पहलवान छत्तर सिंह जी ने कुश्ती के क्षेत्र में जो मुकाम हासिल किया वो आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन कर रहा है।

 प्रवेश वाही ने कहा कि जब से दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार आई है तब से दिन रात जनता की भलाई के कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने पेंशन की व्यवस्था में सुधार किए हैं एवं कोई भी गली एवं चौपाल कच्ची नहीं रहेगी। श्री प्रवेश वाही ने कहा कि गलियों एवं लाइट के लिए हम अलग से बजट की व्यवस्था करेंगे।

महापौर  प्रवेश वाही ने कहा कि अपने आस पास की सफाई की जिम्मेदारी हम सब को खुद लेनी होगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम तो अपना काम कर ही रहा है लेकिन जनता को भी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना होगा। श्री प्रवेश वाही ने कहा कि स्वच्छता संबंधी शिकायतों के लिए हमने 155305 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है जिस पर स्वच्छता संबंधी शिकायत कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि यह हेल्पलाइन 24 घंटे कार्य करती है।

 योगेंद्र चांदोलिया सांसद उत्तर पश्चिम दिल्ली ने इस अवसर पर कहा कि इस सड़क के नामकरण एवं चौधरी छत्तर सिंह पहलवान द्वार का उद्घाटन करके हम उनको भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता लगातार पूरी दिल्ली में घूम घूम कर प्रत्येक विधानसभा में विकास की नींव रख रही हैं। श्री योगेंद्र चांदोलिया ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में जो दिल्ली की अनदेखी हुई है उसकी क्षतिपूर्ति करने का हम प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामवासियों की यहां पुस्तकालय बनवाने की मांग है जिसके लिए हरसंभव प्रयास किये जाएंगे।