6 जुलाई से दिल्ली में शुरू होगी देश की पहली प्रो बॉक्सिंग लीग

नई दिल्ली। भारतीय मुक्केबाज़ी के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। 6 से 10 जुलाई 2026 तक नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाली प्रो बॉक्सिंग लीग (PBL) के लिए खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। लीग में चार फ्रेंचाइज़ी टीमों ने कुल 32 मुक्केबाज़ों का चयन किया है।

खिलाड़ियों के चयन में मुक्केबाज़ कोमलप्रीत कौर सबसे आगे रहीं। उन्हें मध्य महायोद्धा टीम ने 28 लाख प्वाइंट्स के साथ अपने दल में शामिल किया। लीग में पारंपरिक नीलामी की जगह खिलाड़ियों के पिछले प्रदर्शन के आधार पर तैयार किए गए प्वाइंट सिस्टम के माध्यम से चयन किया गया।Indian Amateur Boxing Federation के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र ने बताया कि खिलाड़ियों के चयन के लिए पिछले एक वर्ष के दौरान राष्ट्रीय और क्षेत्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। उन्हीं प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के मूल्यांकन के आधार पर उन्हें लीग के लिए चुना गया है।

लीग में चार फ्रेंचाइज़ी टीमें हिस्सा लेंगी— मुंबई मुक्केबाज़, ईस्टर्न योद्धा, मध्य महायोद्धा और पंजाब पिंड पहलवान। प्रत्येक टीम में आठ खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।

डॉ. राकेश मिश्र ने कहा कि प्रो बॉक्सिंग लीग भारतीय मुक्केबाज़ी के लिए एक नए युग की शुरुआत है। यह देश की पहली फ्रेंचाइज़ी आधारित प्रो बॉक्सिंग लीग है, जो खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा और पहचान प्रदान करेगी।

आयोजन से जुड़े साश्वत भारत के प्रमुख शशिकांत मिश्र ने बताया कि लीग का उद्देश्य केवल मुकाबलों का आयोजन करना नहीं, बल्कि खिलाड़ियों की समग्र ग्रूमिंग और ब्रांड निर्माण भी है। इसके तहत मुक्केबाज़ों के प्रोफाइल शूट, प्रेरणादायक सफलता की कहानियों और पेशेवर प्रस्तुति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

6 जुलाई को लीग का शुभारंभ भव्य रंगारंग समारोह के साथ होगा। प्रतियोगिता के मुकाबले प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक प्रसारित किए जाएंगे, जिससे देशभर के खेल प्रेमी इस आयोजन का आनंद उठा सकेंगे।

IABF के महासचिव राकेश ठाकरान ने कहा कि प्रो बॉक्सिंग लीग केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि भारतीय मुक्केबाज़ी को वैश्विक पहचान दिलाने का एक महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में यह लीग देश की प्रमुख खेल लीगों में शामिल होगी और यहीं से भारतीय मुक्केबाज़ी के नए सितारे तथा भविष्य के ओलंपिक पदक विजेता तैयार होंगे।

इस दौरान डॉ. राकेश मिश्र ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही विश्वस्तरीय सुविधाओं, आवास, प्रशिक्षण, सुरक्षा और प्रसारण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह लीग देश के प्रतिभाशाली मुक्केबाज़ों को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और भारतीय मुक्केबाज़ी को नई दिशा प्रदान करेगी।