मिंटो रोड अग्निकांड: पार्षद किरण बाला ने डीएम को लिखा पत्र, प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल राहत और मुआवजे की मांग
नई दिल्ली, 23 जून। मटिया महल विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या-77 स्थित मिंटो रोड के तकिया काले खाँ क्लस्टर में हुई भीषण आग की घटना के बाद स्थानीय पार्षद किरण बाला ने जिला मजिस्ट्रेट (ओल्ड दिल्ली) को पत्र लिखकर प्रभावित परिवारों एवं दुकानदारों को तत्काल राहत और उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है।
अपने पत्र में पार्षद ने कहा कि 22 जून की रात लगी आग में लगभग 30 परिवारों के मकान और कई दुकानों का सामान जलकर राख हो गया। इस हादसे में कपड़े, बिस्तर, राशन, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, महत्वपूर्ण दस्तावेज तथा दुकानदारों का फर्नीचर और व्यापारिक सामान नष्ट हो गया, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार आग पर काबू पाने के लिए बड़ी संख्या में दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया था।
किरण बाला ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सभी प्रभावित परिवारों और दुकानदारों का तत्काल सर्वेक्षण कराकर वास्तविक नुकसान का आकलन किया जाए तथा दिल्ली सरकार और आपदा राहत नियमों के तहत आर्थिक सहायता एवं मुआवजा प्रदान किया जाए। इसके अलावा अस्थायी आवास, भोजन, पेयजल, वस्त्र और अन्य राहत सामग्री की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।
पार्षद ने यह भी कहा कि जिन परिवारों के आधार कार्ड, राशन कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज आग में नष्ट हो गए हैं, उनके पुनः निर्गमन के लिए विशेष सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
किरण बाला ने कहा कि प्रभावित परिवार पहले से ही आर्थिक रूप से कमजोर हैं और ऐसे समय में प्रशासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल राहत पहुंचानी चाहिए ताकि पीड़ित परिवारों को इस संकट से उबरने में मदद मिल सके।
