दरियागंज में जगमगाएंगी गलियां, नागरिकों को मिलेगा सुरक्षित माहौल- मनोज जैन

नई दिल्ली। दरियागंज वार्ड में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मनोनीत निगम पार्षद Manoj Kumar Jain के प्रयासों से क्षेत्र के उन स्थानों को चिन्हित किया जा रहा है जहां स्ट्रीट लाइटों की कमी है या पर्याप्त रोशनी उपलब्ध नहीं है। इन स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रही हैं, जिससे क्षेत्र की प्रकाश व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। 

पार्षद मनोज कुमार जैन ने कहा कि बेहतर प्रकाश व्यवस्था केवल सुविधा का विषय नहीं है, बल्कि यह महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और आम लोगों की सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है। सड़क, गली और सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त रोशनी होने से आवागमन सुगम होगा और लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।

उन्होंने बताया कि लक्ष्य यह है कि दरियागंज वार्ड का कोई भी हिस्सा अंधेरे में न रहे और प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण प्राप्त हो। इसके लिए क्षेत्रवासियों के सुझावों को भी प्राथमिकता दी जा रही है ताकि जरूरत वाले स्थानों पर शीघ्र कार्य कराया जा सके।

पार्षद ने कहा कि जनसहयोग के साथ विकास और जनसेवा का यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा वार्ड में नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।