नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली को मानसून के दौरान जलभराव मुक्त एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से दिल्ली नगर निगम मुख्यालय सिविक सेंटर में महापौर प्रवेश वाही की अध्यक्षता में ‘ऑपरेशन मिशन मानसून’ के तहत उच्चस्तरीय अंतर-विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न एजेंसियों द्वारा किए जा रहे डीसिल्टिंग कार्यों, जल निकासी व्यवस्था, जलभराव संभावित संवेदनशील स्थलों, आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की विस्तृत समीक्षा की गई।
महापौर ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए पंप, डी-वाटरिंग उपकरण और अन्य आवश्यक संसाधनों को पूरी तरह तैयार रखा जाए। साथ ही जलभराव संभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि बारिश के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में उप-महापौर मोनिका पंत, स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा, सदन के नेता जय भगवान यादव, डेम्स समिति के अध्यक्ष संदीप कपूर तथा नगर निगम आयुक्त संजीव खिरवार सहित नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
महापौर ने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए सभी विभागों को सतर्क एवं सक्रिय रहना होगा, जिससे दिल्लीवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
