एमसीडी सदन की बैठक में जनहित के मुद्दों और राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी पर चर्चा से भागी ईडी पार्टी- अंकुश नारंग

 चार इंजन की भाजपा सरकार के पास बिल्डिंग हादसे, अग्निकांड, जलभराव और राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का जवाब नहीं- अंकुश नारंग

 जब-जब जवाबदेही की बात आती है, भाजपा सदन छोड़कर भाग कर लोकतांत्रिक परंपराओं का गला घोंटती है- अंकुश नारंग

भाजपा सरकार जनता की सुरक्षा से खिलवाड़, जवाबदेही से भागने और सच पर पर्दा डालने की राजनीति कर रही है- अंकुश नारंग

नई दिल्ली, 25 जून ।दिल्ली नगर निगम की सदन बैठक में दिल्ली से संबंधित जनहित के मुद्दों और राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी मामले पर चर्चा से ईडी पार्टी भाग गई। आम आदमी पार्टी के एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने बताया कि पार्टी के पार्षदों ने दिल्ली में इमारत ध्वस्त होने की घटनाओं, भीषण अग्निकांडों, मानसून में जलभराव और अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में हुई चोरी जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा की मांग की, लेकिन भाजपा की चार इंजन सरकार ने जनता के हर सवाल से भागने का रास्ता चुना। हादसों, जलभराव और राम मंदिर के चंदे में हुई चोरी पर भी जवाब नहीं। जब-जब जवाबदेही की बात आती है, भाजपा सदन छोड़कर भाग जाती है और लोकतांत्रिक परंपराओं का गला घोंटती है। भाजपा सरकार जनता की सुरक्षा से खिलवाड़, जवाबदेही से पलायन और सच पर पर्दा डालने की राजनीति कर रही है।

अंकुश नारंग ने कहा कि ईडी पार्टी भगवान श्री राम की बात करती है और जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे, जैसे गाने गाती है, उसी राम मंदिर में 200 करोड़ रुपए के चढावे की चोरी का मामला सामने आया है। निगम की बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा की मांग हुई, लेकिन ईडी पार्टी के पास इस घोटाले का कोई जवाब नहीं था। हमने सवाल उठाया कि क्या ईडी और सीबीआई सिर्फ आम आदमी पार्टी के नेताओं के लिए ही रखी गई है? जहां 200 करोड़ रुपए का इतना बड़ा घोटाला हो गया, वहां ईडी पार्टी अपनी ईडी और सीबीआई क्यों नहीं भेजती?

अंकुश नारंग ने बताया कि आम आदमी पार्टी ने मानसून की तैयारियों पर भी चर्चा की और ईडी पार्टी को सख्त चेतावनी दी। पिछले साल भी दिल्ली में भयंकर जलभराव हुआ था, जबकि ईडी पार्टी ने वादा किया था कि जलभराव नहीं होगा। हमने वाटर लॉगिंग पॉइंट की प्रोग्रेस रिपोर्ट मांगी और वहां अधिकारियों की ड्यूटी लगाने की मांग की। लेकिन ईडी पार्टी की मानसून को लेकर कोई तैयारी नहीं दिख रही है। हमें डर है कि इस बार ईडी पार्टी की इस चार इंजन की सरकार में दिल्ली की जनता को जगह-जगह भारी जलभराव का सामना करना पड़ेगा।

अंकुश नारंग ने आगे बताया कि हमने सदन में हाल ही में हुई दुर्घटनाओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया, लेकिन मेयर को घटनाओं की सही तारीखें तक नहीं पता थीं। जब 2 जून को एक इमारत गिरने से मलबे में दबकर 5 लोगों की मौत का मुद्दा उठाया गया (जो कि ईडी पार्टी का ही वार्ड है), तो मेयर उसे 3 जून की घटना बता रहे थे। इसके अलावा 3 जून को मालवीय नगर में आग लगने से 21 लोगों की मृत्यु हुई और फिर गोविंदपुरी में भी आग लगी। पिछले एक महीने में ऐसे 22 हादसे हो चुके हैं, लेकिन ईडी पार्टी के पास इसका कोई जवाब नहीं है और वह दिल्ली की जनता के प्रति अपनी जवाबदेही से भाग रही है।

अंकुश नारंग ने कहा कि अब दिल्ली में ईडी पार्टी की चार इंजन वाली सरकार है। केंद्र, दिल्ली, एमसीडी और डीडीए सब उन्हीं के पास है और उन्होंने जनता से बड़े-बड़े वादे किए हैं, इसलिए उन्हें हाउस टैक्स में राहत देनी चाहिए। ईडी पार्टी को आम आदमी पार्टी की तरह ही ऐसी स्कीम लानी चाहिए जिसमें 100 गज तक के मकान का हाउस टैक्स बिल्कुल माफ हो और 500 गज तक का टैक्स आधा हो। अब तो उनके पास रेवेन्यू की भी कोई दिक्कत नहीं है। अगर वे ऐसी स्कीम लाते हैं, तो यह सच में दिल्ली की जनता के लिए बेहतर कदम होगा।