केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मिले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, स्वास्थ्य सेवाओं और किसानों के मुद्दों पर हुई अहम चर्चा
नई दिल्ली, 26 जून 2026। विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में जेपी नड्डा से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, चिकित्सा अधोसंरचना, औषधि, उर्वरक और किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार दूरस्थ, ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और अन्य चिकित्सा संस्थानों को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेशवासियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण इलाज अपने ही राज्य में उपलब्ध कराना है।
बैठक में खरीफ सीजन के मद्देनज़र किसानों को खाद और बीज की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि खाद वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा कालाबाजारी, जमाखोरी और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। साथ ही नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं, ताकि उत्पादन बढ़े और खेती की लागत कम हो।मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से स्वास्थ्य, कृषि और जनकल्याण के क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है तथा केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय को और मजबूत किया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए राज्य को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
