नई दिल्ली, 27 जून। पेपर लीक के मुद्दे को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस ने शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में राजधानी में विशाल मशाल जुलूस निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग उठाई।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि पेपर लीक देश के लाखों युवाओं की मेहनत, उम्मीद और भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार होने वाली परीक्षा लीक की घटनाओं के लिए केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि जो सरकार छात्रों की परीक्षाएं निष्पक्ष तरीके से नहीं करा सकती, उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।
चिब ने हाल ही में महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के कथित पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने का उल्लेख करते हुए कहा कि देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था का राजनीतिकरण होने से ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

उन्होंने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें, पेपर लीक माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार किए जाएं और सभी परीक्षाओं एवं भर्तियों का वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाए।
युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता राजघाट से जंतर-मंतर तक मार्च निकालना चाहते थे, लेकिन आरोप है कि दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रास्ते में ही रोक दिया।

मशाल जुलूस में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव विकास चिकारा, सुरभि द्विवेदी, राष्ट्रीय सचिव हरि कृष्णा, परमिंदर सिंह, रूपेश भदौरिया, दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा, हरियाणा प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष निशित कटारिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए
