अनारकली वार्ड में ₹3 करोड़ के विकास कार्यों का शुभारंभ, 25 साल पुरानी मांग होगी पूरी: विधायक डॉ. अनिल गोयल

नई दिल्ली। कृष्णा नगर विधानसभा के अनारकली वार्ड में करीब ₹3 करोड़ की लागत से सड़क और आधुनिक ड्रेनेज निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र की जर्जर सड़कों की तस्वीर बदलेगी और वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। दिल्ली सरकार हाल के महीनों में विभिन्न इलाकों में सड़क और आधुनिक ड्रेनेज नेटवर्क पर विशेष जोर दे रही है ताकि मानसून के दौरान जलभराव की समस्या को कम किया जा सके। 

परियोजना के तहत जगतपुरी दो सीढ़ी वाले मंदिर रोड, प्रेम स्वीट्स व सोम बाजार से सुख विहार त्रिकोणा पार्क तक, डी ब्लॉक (साउथ अनारकली गली नंबर-1) तथा सिटीजन चौक से अंबेडकर गेट तक सड़कों और नालियों का आधुनिक तकनीक से निर्माण किया जाएगा।

इस अवसर पर विधायक डॉ. अनिल गोयल ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण की मांग क्षेत्रवासी पिछले 20-25 वर्षों से कर रहे थे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में स्टेट डेवलपमेंट फंड से स्वीकृत इस परियोजना का उद्देश्य केवल सड़क निर्माण नहीं, बल्कि भविष्य को ध्यान में रखते हुए मजबूत ड्रेनेज सिस्टम और बेहतर आधारभूत ढांचा तैयार करना है।

डॉ. गोयल ने कहा कि विकास कार्य पूरा होने के बाद अनारकली वार्ड की गलियां नई पहचान हासिल करेंगी। बेहतर जल निकासी व्यवस्था से बारिश के दौरान जलभराव की समस्या कम होगी, आवागमन सुगम बनेगा और स्थानीय नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता कृष्णा नगर विधानसभा के प्रत्येक वार्ड में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को तेजी से पूरा कराना है, ताकि लोगों को आधुनिक और सुविधाजनक नागरिक बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराया जा सके।