भाजपा नेता नरेश चौधरी को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, तालकटोरा स्टेडियम में उमड़ा जनसैलाब

नई दिल्ली, 29 जून। दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं समाजसेवी स्वर्गीय नरेश चौधरी की स्मृति में सोमवार को तालकटोरा स्टेडियम में एक विशाल श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। 19 जून को उनके आकस्मिक निधन के बाद आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा में दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में सामाजिक, राजनीतिक, धार्मिक एवं विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

सभा में उपस्थित गणमान्य अतिथियों, परिजनों, मित्रों और राजनीतिक सहयोगियों ने स्वर्गीय नरेश चौधरी की पत्नी मंजू चहल, उनके छोटे भाई एवं एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल, पुत्र रोहित चहल, शेखर चहल और राजगुरु चहल के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।प्रख्यात कथा वाचक अजय भाई ने भजनांजलि प्रस्तुत कर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं 360 गांव पंचायत के अध्यक्ष सुरेंद्र सोलंकी के नेतृत्व में पालम, नांगल, नजफगढ़, बादली, शाहपुर जाट सहित दिल्ली के अनेक गांवों तथा चांदनी महल क्षेत्र के लोगों ने चहल परिवार को पगड़ी भेंट कर सम्मान एवं सांत्वना प्रकट की।

श्रद्धांजलि सभा में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय सह-सरकार्यवाह विजय जी, भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी, विश्व हिन्दू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, सांसद मनोज तिवारी, प्रवीण खंडेलवाल, बांसुरी स्वराज, राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल, दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, मनजिंदर सिंह सिरसा, आशीष सूद, रविंद्र इंद्राज सिंह, दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही, दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय, पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन, रमेश पोखरियाल, कांग्रेस नेता जयप्रकाश अग्रवाल, आम आदमी पार्टी के नेता अनिल झा सहित अनेक सांसद, विधायक, पार्षद और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सभा को संबोधित करते हुए बी.एल. संतोष, भजनलाल शर्मा, रेखा गुप्ता और हर्ष मल्होत्रा सहित कई नेताओं ने स्वर्गीय नरेश चौधरी के सामाजिक योगदान, संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और उनके सरल व्यक्तित्व को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।कार्यक्रम का संचालन भाजपा नेता राजीव बब्बर ने किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी तथा दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू द्वारा भेजे गए शोक एवं संवेदना संदेश भी सभा में पढ़कर सुनाए।

श्रद्धांजलि सभा में उमड़ी भारी भीड़ और विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों तथा समाज के सभी वर्गों की उपस्थिति ने स्वर्गीय नरेश चौधरी के व्यापक जनसंपर्क, लोकप्रियता और सामाजिक योगदान को श्रद्धापूर्वक याद किया।