नई दिल्ली, 1 जुलाई। दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम घटाने, लेकिन घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई राहत नहीं देने पर केंद्र सरकार को घेरा है।
अंकुश नारंग ने कहा कि कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में ₹183.50 की कटौती का लाभ सीमित वर्ग को मिलेगा, जबकि करोड़ों परिवारों की रसोई चलाने वाले 14.2 किलो के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कोई कमी नहीं की गई। उन्होंने कहा कि महंगाई से जूझ रही जनता को राहत देने के बजाय सरकार केवल दिखावटी फैसले कर रही है।
उन्होंने कहा, “हर महीने आम आदमी को उम्मीद रहती है कि रसोई गैस सस्ती होगी, लेकिन सरकार लगातार उसे निराश कर रही है। घर चलाने वाली महिलाओं, मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों के बजट पर बढ़ते गैस के दाम भारी पड़ रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी चिंता करने को तैयार नहीं है।”
नारंग ने सवाल उठाया कि जब कमर्शियल सिलेंडर सस्ता किया जा सकता है तो घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम कम करने में सरकार की क्या मजबूरी है। उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में भी कटौती करे ताकि महंगाई से परेशान आम जनता को वास्तविक राहत मिल सके।
