नई दिल्ली, 1 जुलाई। दक्षिणी जिला साइबर पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक संगठित साइबर अपराध गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पश्चिम बंगाल से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, मोबाइल फोन, डेबिट-क्रेडिट कार्ड, सिम कार्ड समेत कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है’ पुलिस के अनुसार, एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि खुद को एटीएस मुंबई पुलिस, आईपीएस अधिकारी और सीबीआई अधिकारी बताने वाले ठगों ने उसे व्हाट्सएप वीडियो कॉल के माध्यम से घंटों तक डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर 7.22 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना दक्षिण में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई’ जांच के दौरान पुलिस ने वित्तीय लेन-देन और तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच में पता चला कि ठगी की रकम सबसे पहले एक बैंक खाते में जमा कराई गई, जिसके बाद उसे कई अन्य खातों में ट्रांसफर कर छिपाने की कोशिश की गई। तकनीकी जांच में इस नेटवर्क के तार थाईलैंड और म्यांमार में सक्रिय साइबर ठगों से जुड़े पाए गए’ पुख्ता सुराग मिलने पर साइबर पुलिस की टीम ने पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना और हावड़ा में छापेमारी कर समीरन रॉय, प्रिंस शॉ और समर चटर्जी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार समर चटर्जी साइबर अपराधियों को फर्जी बैंक खाते, सिम कार्ड और बैंकिंग किट उपलब्ध कराने का काम करता था’ पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी साइबर ठगों को म्यूल बैंक खाते, सिम कार्ड और अन्य बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराते थे। इन्हीं खातों का इस्तेमाल डिजिटल अरेस्ट और अन्य ऑनलाइन ठगी से प्राप्त रकम को ट्रांसफर करने में किया जाता था’ पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन, एक एचपी विक्टस लैपटॉप, 18 डेबिट एवं क्रेडिट कार्ड, सात चेक बुक, 15 सिम कार्ड, दो रबर स्टांप और छह आधार कार्ड बरामद किए हैं’ इस कार्रवाई को साइबर थाना दक्षिण के एसएचओ इंस्पेक्टर हंसराज स्वामी के नेतृत्व में एसआई उदय सिंह, हेड कांस्टेबल विकास कुमार, प्रवीण कुमार, कांस्टेबल प्रवीण जून, सुल्तान और सुभाष की टीम ने अंजाम दिया। पूरी कार्रवाई एसीपी ऑपरेशंस, दक्षिण जिला के पर्यवेक्षण में की गई’ दक्षिणी जिला पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस अंतरराज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे है ||
