शाहदरा पुलिस की बड़ी कामयाबी: वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की मारुति स्विफ्ट बरामद

नई दिल्ली, 2 जुलाई। शाहदरा जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) ने वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए 20 वर्षीय ऑटो लिफ्टर अंकुश यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई एक सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट कार भी बरामद की है।

शाहदरा जिले में लगातार हो रही चारपहिया वाहनों की चोरी की घटनाओं को देखते हुए डीसीपी के निर्देश पर AATS टीम को निगरानी बढ़ाने, सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करने और सक्रिय वाहन चोरों की पहचान करने का जिम्मा सौंपा गया था।

30 जून को मिली गुप्त सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर प्रतीक सक्सेना के नेतृत्व में AATS टीम ने विवेक विहार क्षेत्र में जाल बिछाया। आनंद विहार आईएसबीटी से सीमापुरी की ओर जा रही एक संदिग्ध सफेद मारुति स्विफ्ट कार को रोककर जांच की गई। चालक की पहचान अंकुश यादव (20) निवासी सिविल लाइंस, जिला मुरैना (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई।

जांच में पता चला कि यह कार 23 जून 2026 को सीमापुरी थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी और इस संबंध में ई-एफआईआर संख्या 14401/2026 के तहत मामला दर्ज था। पुलिस ने वाहन को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली के दिलशाद गार्डन स्थित एक दुकान पर काम करता था। वहीं उसने इस कार को नियमित रूप से खड़ा देखा और व्यक्तिगत इस्तेमाल व घूमने-फिरने के उद्देश्य से चोरी कर ली। आरोपी ने दावा किया कि वह किसी संगठित वाहन चोरी गिरोह का सदस्य नहीं है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी का अन्य वाहन चोरी के मामलों से कोई संबंध है या नहीं। शाहदरा पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी के संभावित साथियों की भी तलाश की जा रही है।