संगठन की मजबूती ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति : जय भगवान यादव
पांच मंडलों की बैठकों में कार्यकर्ताओं को किया संबोधित, SIR अभियान को घर-घर तक पहुंचाने का किया आह्वान
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के नेता सदन, स्थायी समिति सदस्य एवं बेगमपुर वार्ड-27 के निगम पार्षद जय भगवान यादव ने नांगल ठाकरान (वार्ड-31), पूठ खुर्द (वार्ड-29), शाहबाद डेयरी (वार्ड-28), पूठ कलां (वार्ड-26) तथा अपने गृह वार्ड बेगमपुर (वार्ड-27) के मंडलों की संगठनात्मक बैठकों में भाग लेकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

जय भगवान यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन, सक्रिय कार्यकर्ता और सशक्त बूथ व्यवस्था है। उन्होंने मंडल संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने पर बल देते हुए कहा कि मजबूत मंडल और मजबूत बूथ ही भाजपा की विजय का आधार हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर लोगों को इस महत्वपूर्ण अभियान से जोड़ें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।जय भगवान यादव ने कहा कि संगठन की शक्ति कार्यकर्ताओं की निष्ठा और समर्पण से बढ़ती है। जब प्रत्येक बूथ मजबूत होगा, तभी संगठन और लोकतंत्र दोनों सशक्त होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा, समर्पण और संगठन के मूल मंत्र के साथ जन-जन तक भाजपा की नीतियों और उपलब्धियों को पहुंचाने का आग्रह किया।

बैठकों में मंडल पदाधिकारियों, बूथ अध्यक्षों, बीएलए एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
