हल्की बारिश में जलमग्न हुई दिल्ली, भाजपा की डबल इंजन सरकार की मानसून तैयारियों की खुली पोल – नाज़िया दानिश
नई दिल्ली, 6जुलाई। दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल की नेता नाज़िया दानिश ने राजधानी में हल्की बारिश के बाद विभिन्न इलाकों में हुए जलभराव, ट्रैफिक जाम और लोगों को हुई भारी परेशानियों को भाजपा शासित दिल्ली सरकार और एमसीडी की प्रशासनिक विफलता का प्रमाण बताया है। उन्होंने कहा कि पहली ही बारिश ने भाजपा सरकार के मानसून तैयारियों के सभी दावों की पोल खोल दी है।
नाज़िया दानिश ने कहा कि मानसून से पहले नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और जलभराव रोकने के बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन हल्की बारिश में ही दिल्ली की सड़कें तालाब में बदल गईं। राजधानी के कई इलाकों में घंटों तक जलभराव और भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे आम नागरिकों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित एमसीडी और दिल्ली सरकार के बीच समन्वय की कमी, नालों की सफाई में लापरवाही और वर्षा जल निकासी व्यवस्था की अनदेखी के कारण हर साल दिल्लीवासियों को यही समस्याएं झेलनी पड़ती हैं। भाजपा सरकार प्रचार और विज्ञापनों पर अधिक ध्यान दे रही है, जबकि बुनियादी सुविधाएं पूरी तरह चरमराई हुई हैं।
नाज़िया दानिश ने मांग की कि जलभराव वाले सभी संवेदनशील स्थानों का तत्काल निरीक्षण कर स्थायी समाधान की कार्ययोजना सार्वजनिक की जाए, नालों की सफाई और मानसून तैयारियों का स्वतंत्र तकनीकी ऑडिट कराया जाए तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता केवल घोषणाएं नहीं बल्कि ऐसी व्यवस्था चाहती है, जिसमें मामूली बारिश भी राजधानी की रफ्तार न रोक सके। भाजपा सरकार को अपनी विफलताओं की जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि हर मानसून में दिल्लीवासियों को जलभराव और अव्यवस्था की समस्या से मुक्ति मिल सके।
